यूपी- रूस और यूक्रेन के राजदूतों समेत 73 देशों के राजनयिक पहली बार महाकुंभ के दौरान संगम में डुबकी लगाने प्रयागराज आ रहे हैं. मेला अधिकारी विजय किरण आनंद ने पुष्टि की है कि राजनयिक एक फरवरी को आ रहे हैं.
पीटीआई के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भी लिखा है, जिसमें कहा गया है कि जापान, अमेरिका, रूस, यूक्रेन, जर्मनी, नीदरलैंड, कैमरून, कनाडा, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, पोलैंड और बोलीविया समेत कई देशों के राजनयिक महाकुंभ में शामिल होंगे।
पत्र के अनुसार, ये सभी विदेशी राजनयिक नाव के जरिए संगम नोज पहुंचेंगे और पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगे. इसके बाद वे अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर जाएंगे, जिसके बाद वे डिजिटल महाकुंभ एक्सपीरियंस सेंटर में महाकुंभ को समझेंगे. विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारी राजनयिकों के लिए सहज अनुभव सुनिश्चित करने की तैयारियों में व्यस्त हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि महाकुंभ 2025 का आयोजन प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होगा. इस महाकुंभ के दौरान कुल छह शाही स्नान हैं. महाकुंभ दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक मेला है. 30-45 दिन तक चलने वाला महाकुंभ हिंदुओं के लिए काफी मायने रखता है. महाकुंभ 144 साल बाद फिर से आयोजित हो रहा है. माना जा रहा है कि इस महाकुंभ में देश-विदेश के 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु शामिल होंगे.








