पटना- बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार को उनकी सेवानिवृत्ति से करीब तीन महीने पहले पद से हटा दिया गया है। राज्य सरकार ने उन्हें बिहार का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त करने का फैसला लिया है।
यह निर्णय ऐसे समय में हुआ है, जब विनय कुमार पहले से ही लंबी छुट्टी पर चल रहे थे। उनकी छुट्टी के दौरान ही मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति को लेकर सरकार ने फैसला किया।
मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति के लिए शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में विनय कुमार को राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त बनाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही राज्य सूचना आयोग में एक अन्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर भी निर्णय लिया गया।
बैठक में राज्य सरकार के विधि विभाग के पूर्व सचिव अंजनी कुमार सिंह को सूचना आयुक्त नियुक्त करने का फैसला लिया गया। राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त और एक सूचना आयुक्त का पद लंबे समय से खाली था। इन पदों पर नियुक्ति के फैसले के बाद आयोग में लंबित रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
हालांकि, नियुक्तियों से संबंधित औपचारिक अधिसूचना और पदभार ग्रहण की तारीख की जानकारी उपलब्ध होने पर ही नियुक्ति की प्रक्रिया के अगला चरण तय होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विनय कुमार 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका कार्यकाल पहले से बढ़ाया गया था और वह 12 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। इस लिहाज से उनकी सेवानिवृत्ति में करीब तीन महीने शेष हैं।
इससे पहले 15 सितंबर को विनय कुमार के लंबी छुट्टी पर जाने की खबर सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गृह विभाग ने उन्हें 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक छुट्टी की मंजूरी दी थी। उस दौरान डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को सौंपी गई थी।








