कटिहार- बिहार के कटिहार में छठ पूजा के लिए गंगा स्नान करने जा रहे लोगों की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई. मनिहारी थाना क्षेत्र में कुतुबपुर गांव के पास तेज रफ्तार KIA कार सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अंदर घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में एक दंपति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा शुक्रवार सुबह अहले सुबह मनिहारी थाना क्षेत्र के फोर लेन पर हुआ. कार में कुल छह लोग सवार थे. इनमें दो महिलाएं, एक बच्ची, दो पुरुष और कार चालक शामिल थे. सभी कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना के रहने वाले थे और छठ पूजा के मौके पर गंगा स्नान करने के लिए मनिहारी गंगा घाट जा रहे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतकों की पहचान 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी 63 वर्षीय पत्नी ऊषा सिंह और उनकी पड़ोसी मंजू रानी साह के रूप में हुई है. मंजू रानी साह के पति का नाम इंदु साह बताया गया है. हादसे में शंभू सिंह और ऊषा सिंह की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे बालू लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही KIA कार ने पीछे से उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर का असर इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी ट्रक के भीतर जा घुसी.
हादसे के बाद कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर के कारण तीनों शव गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए थे. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और सड़क से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलते ही मनिहारी थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद ट्रक के अंदर फंसी KIA कार को बाहर निकाला. इसके बाद वाहन में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला गया. इस दौरान फोर लेन पर अफरातफरी का माहौल बना रहा.
इस दुर्घटना में कार में सवार एक बच्ची और चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तत्काल इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत को देखते हुए अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. हादसे में घायल अन्य लोगों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.








