सिवान- बिहार के सिवान में अपराधियों ने सोमवार को आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख के पति को दिन-दहाड़े गोली मार दी. गोली उनकी कनपटी में लगी है. गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया है.
घायल शख्स की पहचान पूर्व प्रमुख प्रतिभा गिरी के पति किशोर कुमार गिरी के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षक हैं. उनको स्कूल की एक शिक्षिका ने फोन कर विद्यालय बुलाया था. शिक्षिका ने बताया कि एक युवक और युवती स्कूल के एक कमरे में प्रवेश कर संदिग्ध गतिविधि कर रहे थे. इसलिए किशोर गिरी को बुलाया था.
वहीं, सूचना मिलने पर किशोर कुमार गिरी बाइक से स्कूल पहुंचे और दोनों से पूछताछ करने लगे. इसी दौरान युवक ने फोन कर अपने कुछ साथियों को वहां बुला लिया. साथियों के पहुंचने के बाद युवक मौके से भागने लगा. स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी बीच बाइक सवार युवकों ने गोलीबारी शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली किशोर कुमार गिरी की कनपटी में जा लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल सिवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है.
सिवान पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से बताया गया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकरी सदर-2 मैरवा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है. जांच में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरूद्ध किया गया है. साथ ही अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








