मुजफ्फरपुर- बिहार के मुजफ्फरपुर में जाली नोट रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. बिहार पुलिस की एसटीएफ टीम ने मोतीपुर थाना क्षेत्र में 71 हजार 200 रुपये की जाली भारतीय करेंसी के साथ 6 धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा “भारतीय मनोरंजन बैंक” लिखे नकली नोट भी बरामद किए गए है.
इस कार्रवाई की जानकारी मुजफ्फरपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी. एसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि 27 सितंबर की रात मोतीपुर थाना क्षेत्र में जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि जाली नोटों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है.
नकली नोटों में 500 रुपये के 1,311 नोट, 200 रुपये के 1,184 नोट और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं. इन नोटों की कुल अंकित राशि 1,07,600 रुपये है. पुलिस ने इस कार्रवाई में एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार सूचना के आधार पर इलाके की घेराबंदी की गई. इस दौरान मो. साबिर, सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान को पकड़ा गया, जिनके पास से 71,200 रुपये के जाली नोट बरामद हुए.
इनमें एक सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान भी शामिल है जो पुलिस की वर्दी पहनकर डील करने पहुंचा था। इसके अलावा भारतीय मनोरंजन बैंक लिखा नकली नोट भी बरामद किया गया है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे मुजफ्फरपुर व आसपास के इलाकों में कहां-कहां खपाने की योजना थी. जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








