रांची- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के श्राद्ध एवं संस्कार भोज के अवसर पर रविवार को रामगढ़ जिले के नेमरा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी. सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना और आस्था व्यक्त करने के लिए आम लोगों से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक पहुंचे.
इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. जनप्रतिनिधि और नेता व्यवस्थाओं को संभालते भी नजर आये. विधायक अनूप सिंह, संजीव सरदार और आलोक सोरेन आयोजन के दौरान व्यवस्था संभालते दिखे.
योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे और सोरेन परिवार से मुलाकात की. उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अपना गुरु बताते हुए रूपी सोरेन को शक्तिस्वरूपा मां कहा. बाबा रामदेव ने कहा कि सोरेन परिवार से उनका करीब 25 वर्षों से संबंध है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भी तारीफ की. बाबा रामदेव के बयान में शिबू सोरेन के प्रति सम्मान और रूपी सोरेन के प्रति श्रद्धा का भाव दिखाई दिया.
उन्होंने रूपी सोरेन को केवल परिवार की सदस्य के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसी शख्सियत के रूप में याद किया, जिनके प्रति लोगों के मन में गहरी आस्था है.
रूपी सोरेन के निधन के बाद से ही नेमरा स्थित सोरेन परिवार के पैतृक आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है. संस्कार भोज के अवसर पर राज्यपाल, बाबा रामदेव, राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और आम लोग पहुंच रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ लोग दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.








