रामगढ़- आज नवरात्र की षष्ठी तिथि है. इस अवसर पर झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में भक्त मां के दरबार मे पहुंच रहे हैं. माता का आशीर्वाद ले रहे हैं.
मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु जहां पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं, वहीं मंदिर की मनमोहक सजावट को अपने फोन में कैद करते भी नजर आ रहे हैं.
रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्धपीठ की अपनी अलग धार्मिक पहचान है. दामोदर और भैरवी नदी के संगम पर स्थित इस पवित्र धाम में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंदिर में सुबह से ही दूर-दराज से श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. इस मंदिर को 51 सिद्ध शक्तिपीठों में गिना जाता है. माना जाता है कि असम के कामाख्या के बाद तंत्र साधना के लिए यह सबसे पवित्र स्थानों में है.
मुख्य मंदिर के चारों ओर तारा, षोडशी, भुवनेश्वरी और मातंगी जैसी महाविद्याओं के मंदिर भी बने हैं. नवरात्र के छठे दिन देवी कात्यायनी की पूजा हुई है.
नवरात्र में यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यवस्था की गई है. फूलों से सजा मां का दरबार मंदिर की भव्यता को और बढ़ा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
देश के विभिन्न हिस्सों से यहां पहुंचने वाले भक्त मां के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं. मां के जयकारों और पूजा-अर्चना के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है.








