बोकारो- बकाया मानदेय नहीं मिलने से नाराज स्वास्थ्य विभाग के करीब 700 संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया.
कर्मचारियों की मांग हैं कि दुर्गा पूजा से पहले उनका बकाया भुगतान किया जाए, ताकि वे परिवार के साथ त्योहार मना सके. हालांकि आंदोलनकारियों का आरोप है कि इस बार भी उन्हें बातों से बरगलाया जा रहा है.
कर्मचारियों के मुताबिक, पुरानी कंपनी राइडर के तहत काम करने के दौरान 49 दिनों का मानदेय बकाया है. वहीं, वर्तमान कंपनी जी अलर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में भी पिछले 2 महीने से भुगतान नहीं हुआ है. इस मुद्दे पर कंपनी प्रतिनिधियों, सिविल सर्जन और कर्मचारियों के बीच वार्ता हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सिविल सर्जन ने पूजा से पहले भुगतान कराने का आश्वासन दिया है, साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि कंपनी 2 दिन के भीतर भुगतान नहीं करती है, तो उसके खिलाफ सरकार से कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
वार्ता के दौरान जॉइनिंग लेटर और पहचान पत्र का मुद्दा भी उठा. कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 9 महीने से मौखिक तौर पर काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है.
दूसरी ओर, सिविल सर्जन ने कहा कि अधिकतर कर्मचारियों को जॉइनिंग लेटर मिल चुका है, जबकि कुछ का बाकी है. कंपनी प्रतिनिधि ने भी बताया कि नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं. अब कर्मचारियों को बकाया मानदेय के भुगतान और नियुक्ति संबंधी दस्तावेज मिलने का इंतजार है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








