पटना- बिहार की राजधानी पटना में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. पटना यातायात पुलिस ने 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है.
इसके तहत 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर को रात 10 बजे तक अथवा यातायात सामान्य होने तक शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा. हालांकि एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी.
यातायात पुलिस के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और प्रमुख पूजा स्थलों के आसपास जाम की स्थिति से बचने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके तहत बेली रोड, राजाबाजार फ्लाईओवर, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर, अशोक राजपथ और पटना सिटी क्षेत्र में विशेष यातायात नियम लागू रहेंगे.
बेली रोड पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं. सगुना मोड़ से पटना हवाई अड्डा की ओर जाने वाले छोटे वाहन बेली रोड में रुकनपुरा और राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे जगदेव पथ से बीएमपी होते हुए जा सकेंगे. वहीं हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है.
राजीवनगर और दीघा की ओर से आने वाले छोटे वाहन आशियाना-दीघा रोड, नाला रोड और अन्य निर्धारित मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डुमरा टीओपी से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें.
डाकबंगला चौराहा, भट्टाचार्य चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामीनंदन तिराहा की ओर से डाकबंगला जाने वाले वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक दोनों फ्लैंक में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में भी वाहनों का परिचालन नहीं होगा.
अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गांधी चौक तक छोटे वाहनों के परिचालन की अनुमति दोनों तरफ रहेगी. हालांकि विभिन्न हिस्सों में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है.
गांधी चौक, गायघाट, चौक मोड़, दीदारगंज और पटना सिटी चौक के आसपास भी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. कई स्थानों पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
यातायात प्लान के अनुसार 17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में मालवाहक और यात्री वाहनों जैसे बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा 407 के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. यह नियम सरकारी, गैर सरकारी, अर्ध सरकारी और निजी सभी प्रकार के वाहनों पर लागू होगा.
वहीं मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिबंध लगाया गया है. दानापुर से अशोक राजपथ की ओर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. ऐसे वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन कर सकेंगे.
पटना यातायात पुलिस ने वाहन पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की है. फ्रेजर रोड, वीरचंद पटेल पथ, जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहा तक और पटना साइंस कॉलेज सहित कुछ निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
पटना सिटी क्षेत्र में छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए सिटी स्कूल चौक, मंगल तालाब के आसपास और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दुर्गा पूजा के दौरान घर से निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें. प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो.








