पटना- मंगलवार रात बिहार के राघोपुर में नाव हादसा हुआ है. वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर श्यामचंद के भगतान टोला स्थित बरसाती नदी में नाव डूबने से 13 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन से नाव की मांग की गई थी लेकिन नाव मुहैया नहीं कराई गई. पुरानी नाव होने के कारण ये हादसा हुआ है.
ग्रामीण रवि कुमार ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले गांव के लोग सीओ से मिलने पहुंचे थे. उनसे शिकायत की थी कि नाव में दरार है, उसको बदला जाए लेकिन उनकी मांग को अनसुना कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अगर समय रहते कार्रवाई हुई होती तो ये दर्दनाक हादसा नहीं होता. ग्रामीणों की शिकायत पर फिलहाल डीएम ने सीओ के खिलाफ एक्शन लिया है और वेतन पर रोक लगा दी है.
इस मामले में वैशाली डीएम वर्षा सिंह ने राघोपुर के अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है. अगले आदेश तक दोनों अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश भी दिया गया है.
जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. वहीं, हादसे के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हाजीपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राघोपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मदद का भरोसा दिया. वहीं पटना से राघोपुर निकलने से पहले उन्होंने कहा कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि पहली नजर में प्रशासन की लापरवाही की बात सामने आ रही है.
वहीं, प्रधानमंत्री की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की गई है. हादसे में घायल होकर इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है.
राघोपुर से विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना पर दुख जताया है. उन्होंने वीडियो जारी कर कहा, ‘राघोपुर में नाव पलटने की हृदयविदारक घटना से मर्माहत हूं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें.’








