पटना- वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुए दर्दनाक नाव हादसे के करीब 24 घंटे बाद बुधवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव घटनास्थल पर पहुंचे.
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले 13 बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को बिहार विधानसभा में उठाया जाएगा.
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि इस दुखद घटना को भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की जो भी मांगें होंगी, उन्हें पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में रखने का प्रयास करेंगे. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें राघोपुर में नाव हादसा मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम हुआ था. घटना की जानकारी मिलने के बाद तेजस्वी यादव ने उसी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताया था.
जानकारी के अनुसार, उनकी पोस्ट रात करीब 11:39 बजे सामने आई थी. उन्होंने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी.
तेजस्वी यादव ने हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों से भी बातचीत की थी. उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने का आग्रह किया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों से मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना जरूरी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवारों की मांगों को विधानसभा में उठाएंगे और उन्हें उचित मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे.
नाव हादसे के बाद बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की थी. वहीं, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता घोषित की गई.








