मुजफ्फरपुर- बिहार के मुजफ्फरपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) और बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने करीब तीन किलोग्राम चरस जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये बताई गई है.
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, चरस की खेप नेपाल से भारत लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद भेजने की योजना थी. DRI मुजफ्फरपुर क्षेत्रीय इकाई और STF बिहार पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की.
अधिकारियों को नेपाल से भारत में चरस की तस्करी करने वाले एक गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी.इसके बाद टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे दुर्गम इलाकों में लगातार दो दिनों तक निगरानी की. इस दौरान गिरोह के सदस्यों, उनके ठिकानों और तस्करी के तरीके का पता लगाने की कोशिश की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जांच में सामने आया कि तस्करी में शामिल लोग सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए कोई योजना बना रहे है. दोनों टीमों की संयुक्त जांच में पता चला की तस्कर सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए चरस की खेप को कई ट्रेनों के जरिए ले जाने और उसकी आवाजाही में जानबूझकर देरी करने की योजना बना रहे थे। खेप को रविवार सुबह आगे भेजा जाना था.
18 अक्टूबर की सुबह संयुक्त टीम को सूचना मिली कि बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन में एक संदिग्ध व्यक्ति चरस की खेप लेकर यात्रा कर रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन पर संदिग्ध को रोककर कार्रवाई की. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि चरस नेपाल से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद पहुंचाया जाना था.
पहली गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने कथित आपूर्तिकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है. जांच एजेंसियां तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, चरस की आपूर्ति के स्रोत और उसकी प्रस्तावित वितरण व्यवस्था का पता लगाने में जुटी हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








