मुंगेर- मुंगेर जिले के छोटे से गांव कल्याणपुर गांव में छोटी दीपावली के अवसर पर 11 लाख 11 हजार 101 दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहला दीप प्रज्वलित कर इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ किया.
पहला दीपक जलते ही मां दुर्गा के जयकारों, शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की जगमगाहट के बीच ऐसा दृश्य उपस्थित हुआ कि गंगा का तट मानो रोशनी की नगरी में तब्दील हो गया.
अयोध्या के बाद देश के दूसरे सबसे बड़े दीपोत्सव के रूप में पहचान बनाने के लक्ष्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल्याणपुर में बिहार की सबसे बड़ी दीपावली के भव्य आयोजन के लिए डॉ. नीतीश चंद्र दुबे को विशेष रूप से धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन करना अपने आप में सराहनीय पहल है.
एक तरफ बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर से लेकर गंगा तट और एनएच-80 तक लाखों दीपों की लंबी श्रृंखला दिखाई दे रही थी, तो दूसरी तरफ गंगा की लहरों के बीच भव्य महाआरती और आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही थी.
अंतरराष्ट्रीय स्तर की आतिशबाजी के आकर्षण ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए. इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए केवल मुंगेर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और दर्शक कल्याणपुर पहुंचे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नौ साल पहले 51 हजार दीपों से शुरू हुई थी परंपरा, आज 11 लाख के पार पहुंच गया. कल्याणपुर का दीपोत्सव एक दिन में इस मुकाम तक नहीं पहुंचा है. इसके पीछे ग्रामीणों, युवाओं और यूथ क्लब के सदस्यों की नौ वर्षों की मेहनत और सामूहिक प्रयास की कहानी है.








