रांची- कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा के खिलाफ रांची में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. कार्रवाई को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता कैलाश यादव ने डीएसपी हटिया को आवेदन दिया.
राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने डीएसपी हटिया के नाम शिकायत पत्र सौंपा है. जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आयोजित रामकथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी लीलाओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं.
शिकायतकर्ता का दावा है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, खड़े होने के तरीके, कमर एवं वदन की मुद्रा और बांसुरी वादन को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोप है कि भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप और बांसुरी वादन की महिमा को कमतर दर्शाते हुए उनकी तुलना भगवान श्रीराम के स्वरूप से की गई. इससे भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कथित टिप्पणियों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों पर प्रसारित हो रहे हैं. शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों में आक्रोश और असंतोष व्याप्त है.
उन्होंने आशंका जताई है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली ऐसी टिप्पणियों से समाज में धार्मिक असंतोष और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राजद नेता कैलाश यादव ने डीएसपी हटिया से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. शिकायत दर्ज कराते समय रांची जिला राजद के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो भी मौजूद थे.








