सीवान- सीवान के सरैया बाजार में अज्ञात अपराधियों ने जनरल स्टोर दुकानदार नदीम अंसारी को तेजाब डालकर जिंदा जला दिया. पटना ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-227ए को जाम कर प्रदर्शन किया.
मामला जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया बाजार का है. घटना बुधवार की ही है. आज मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर तरवारा बाजार के पास एनएच-227ए को जाम कर प्रदर्शन किया .
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अलावल टोला चौकी हसन गांव निवासी 27 वर्षीय नदीम अंसारी के रूप में हुई है. वह बुधवार की शाम सरैया बाजार स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान में बैठा था. इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसपर तेजाब छिड़ककर आग लगा दी और दुकान में ही बंद कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आग की लपटों में घिरे नदीम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हालांकि, दुकान का शटर बाहर से बंद होने और ताला लगे होने के कारण उसे बाहर निकालने में परेशानी हुई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने ताला तोड़कर नदीम को दुकान से बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे पटना रेफर कर दिया गया. परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर पटना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया. फिर उसे परिजनों को सौंप दिया.
मामले में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को एनएच-227ए पर शव रखकर प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहने से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया. घटना के बाद सरैया बाजार और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
बहन के अनुसार, दुकान में बैठे उनके भाई पर तेजाब फेंकने के बाद आग लगा दी गई और शटर गिराकर बाहर से ताला बंद कर दिया गया, जिससे वह अंदर ही फंसे रह गए. दुकान के आसपास मौजूद एक महिला को अंदर से आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.








