रांची- रांची पुलिस ने मांडर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यहां ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर शराब तैयार कर बोतलों में पैक की जा रही थी.
पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी में 2880 भरी बोतलें, करीब 200 लीटर तैयार शराब, दो हजार खाली बोतलें, ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर, ढक्कन और शराब पैक करने की मशीन समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया है.
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मांडर के मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के निर्देशन में एएसपी कोतवाली निखिल राय और डीएसपी मुख्यालय द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
टीम ने निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान घर के हॉल में पांच लोग शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग के काम में लिप्त पाए गए. उनसे शराब निर्माण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रत्युष शाहदेव (रांची), कुंदन कुमार और राकेश कुमार (औरंगाबाद, बिहार), संजय सिंह (धनबाद) व विष्णु कुमार (मुंगेर, बिहार) के रूप में हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले एक महीने से अवैध शराब तैयार कर रहे थे. इसकी आपूर्ति बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के दूसरे जिलों में मांग के अनुसार की जाती थी.
छापेमारी में बड़ी कंपनियों के नाम से 750 एमएल की 2040 बोतलें एक और महंगे ब्रांड के 750 एमएल की 840 भरी बोतलें बरामद हुईं. इसके अलावा एक ओर ब्रांड के 180 एमएल की 14 बोतलें, टंकी में भरी करीब 200 लीटर शराब और एक जार में करीब 25 लीटर शराब मिली.
साथ ही शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला करीब 30 किलो कॉस्टिक कैरामेल, दो हजार खाली बोतलें, करीब एक हजार ढक्कन, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, छह मोबाइल और बोतल सील करने की मशीन भी जब्त की गई.








