सहरसा- बिहार के सहरसा में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर वार्ड 15 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा (26) की उसके घर में हत्या कर दी गई.
अभिजीत सिंह का शव कमरे में बेड पर मिला. चेहरे पर तकिया रखा हुआ था. मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला. घटनास्थल पर कमरे में खून के छींटे, बिखरा सामान और इधर-उधर पड़ी चप्पलें मिलीं. मृतक का मोबाइल भी गायब है.
पुलिस ने एफएसएल व फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. परिजनों के अनुसार अभिजीत के माथे के बाईं ओर गोली लगने के निशान मिले हैं. हालांकि मौत गोली लगने से हुई या तकिया दबाने से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जाता है कि सुबह अभिजीत का मोबाइल स्विच ऑफ मिलने के बाद एक दोस्त उसके घर पहुंचा. मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था. खिड़की से अंदर देखने पर अभिजीत का शव बेड पर दिखा और उसके चेहरे पर तकिया रखा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
जानकारी मिलने के बाद मौके पर सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह, सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान समेत पुलिस की टीम पहुंची. एफएसएल और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान के लिए दोस्तों, परिचितों, पुराने विवादों और हालिया गतिविधियों समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतक के चाचा अवधेश सिंह ने आशंका जताई कि घटना में अभिजीत के परिचित या दोस्तों की भूमिका हो सकती है. उन्होंने बताया कि अभिजीत शुक्रवार को नई स्कॉर्पियो गाड़ी लेने की बात कह रहा था. उसके पास करीब 10 लाख रुपए थे. पुलिस इन बिंदुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार अभिजीत के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और लूट समेत कई मामले दर्ज थे. आर्म्स एक्ट के मामले में वह जेल भी गया था और मार्च में बाहर आया था.
पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों, हालिया गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है. अभिजीत को 24 अगस्त 2026 को भाजयुमो के जिला महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया था.








