चतरा- चतरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देकर दहशत फैलाने के फिराक में जुटे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
अपराधी की गिरफ्तारी कुंदा थाना क्षेत्र के पिंजनी गांव स्थित पड़रियाबर के तीन मोहान इलाके से हुई है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से मेड इन यूएसए No -11 लिखा अवैध देसी पिस्टल, 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में बड़ी अपराध कि घटना को अंजाम देने का योजना बना रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना के सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी कुंदा पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया था.
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी और टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने सूचना का सत्यापन करते हुए इलाके में सघन छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान पिंजनी के पड़रियाबर टोला के तीन मोहान के पास पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति भागने लगा.
इसके बाद छापामारी दल द्वारा खदेड़कर उक्त युवक को पकड़ा गया. एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की मौके पर विधिवत तलाशी ली गई. इस दौरान उसके कमर में खोसा हुआ एक 9 एमएम का देसी पिस्टल और जिंदा गोली बरामद किया गया. साथ ही उसके पास से दो मिस फायर गोली और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी दशरथ कुमार भारती कुंदा थाना क्षेत्र के ही मांझीपाड़ा गांव का रहने वाला है. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधी ने बताया कि उसके साले ने इलाके में सक्रिय बड़े कारोबारियों को टारगेट करने के उद्देश्य से उसे अवैध हथियार उपलब्ध कराया था. इसके बाद गिरफ्तार अपराधी दशरथ कुमार भारती के साले एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध कुंदा थाना में ही एक अन्य कांड पहले से दर्ज है. एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह दोनों जीजा-साला मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र में बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने वाले थे.
ये लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देते इससे पूर्व ही पुलिस ने दोनों को दबोच कर उनके मनसूबों पर पानी फेर दिया है. छापामारी अभियान में थाना प्रभारी के अलावे पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.








