पलामू- झारखंड के पलामू जिले के बिश्रामपुर अंतर्गत घासीदाग में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यहां धुरिया नदी पार करने के दौरान विधायक पानी में गिर गए. गनीमत रही कि नदी में पानी घुटने तक ही था और इस हादसे में गंभीर चोट नहीं आई है.
जानकारी अनुसार, घासीदाग पंचायत में एक धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें बिश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह को आमंत्रित किया गया था. विधायक सोमवार देर शाम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गांव पहुंचे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घासीदाग गांव में प्रवेश करने के लिए धुरिया नदी को पार करना अनिवार्य था. नदी में पानी होने के कारण विधायक खुद पैदल जाने के बजाय एक दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठ गए. लेकिन जैसे ही वह व्यक्ति विधायक को लेकर नदी के बीच पहुंचा, तेज बहाव और लड़खड़ाते कदमों के कारण दोनों पानी में गिर पड़े.
इस पूरी घटना को लेकर विधायक नरेश प्रसाद सिंह के प्रतिनिधि धनंजय पासवान ने कहा कि वे मामले की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं, जिसके बाद ही आधिकारिक बयान देंगे.
आपको बता दें कि घासीदाग पंचायत बारिश के दिनों में मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट जाती है. यह इलाका चारों तरफ से नदियों से घिरा हुआ है और यहां के ग्रामीण लंबे समय से सरकार और प्रशासन से पुल बनाने की मांग कर रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने कहा, “एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करना विधायक की सामंती मानसिकता को दर्शाता है.
गांव में पुल नहीं होने के कारण ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन विधायक ने इस पर कभी संज्ञान नहीं लिया. अब जब विधायक खुद नदी में गिर गए हैं, तो उम्मीद है कि उन्हें जनता के इस रोजमर्रा के दर्द और समस्या का अहसास होगा.”
इस घटना के बाद बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने विधायक व सरकार को आड़े हाथों लिया है, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता राहुल दुबे ने कहा कि आम जनता बारिश के मौसम में इलाज तक नहीं करा पाती है.
विधायक को क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दो साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन वे क्षेत्र की मूलभूत समस्या दूर नहीं कर पाए. जनता की समस्या हल करने के बजाय वह एक दलित की पीठ पर बैठकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं.
वहीं, भाजपा पलामू के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “झारखंड की वर्तमान सरकार आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के कल्याण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन हकीकत में सबसे ज्यादा शोषण इन्हीं वर्गों का हो रहा है.
चाहे निशा भगत की मौत का मामला हो या बिश्रामपुर की यह शर्मनाक घटना, यह सरकार की संवेदनहीन मानसिकता को उजागर करती है. लोकतंत्र का मखौल उड़ाया जा रहा है और आम जनता के दर्द से सरकार को कोई सरोकार नहीं है.”








