मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. रेवा रोड स्थित लक्ष्मी नगर में एक महिला ने अपनी चार साल की मासूम बेटी और बेटे के साथ आत्महत्या का खौफनाक कदम उठाया.
इस घटना में महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटे की जान बच गई. बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के परिजनों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद परिजनों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेटे को बचा लिया.
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय रीना कुमारी और उसकी बेटी प्रीति उर्फ टूटू (4) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को नीचे उतारा और जांच शुरू कर दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीना कुमारी के पति निर्भय कुमार निजी शिक्षक हैं. वह मूल रूप से पारू थाना क्षेत्र के चिंतावनपुर गांव के रहने वाले हैं. बताया जा रहा है कि निर्भय ने अपनी बहन की शादी के लिए पत्नी के गहने गिरवी रख दिए थे. हाल ही में उन गहनों को छुड़ाने को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी.
आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद और तनाव के कारण रीना ने यह कदम उठाया. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर रीना कुमारी का शव साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी चार साल की बेटी प्रीति उर्फ टूटू का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारा और कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतका का मायका वैशाली जिले के सेरहत्ता गांव में बताया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.








