पटना- दानापुर में एक छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिता ने छह लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान प्रखंड ऑफिस में विकास मित्र के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार राम के पुत्र अविनाश कुमार(19) के रूप में हुई है। अविनाश ग्रेजुएशन में पढ़ता था। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहारा स्थित फुटानी बाजार की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब सात बजे अविनाश के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन पर बात करते हुए वह घर से यह कहकर निकला कि पास के देवी चौरा मंदिर जा रहा है और कुछ देर में लौट आएगा। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि कुछ लोग मिलकर अविनाश के साथ मारपीट कर रहे हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, अविनाश सड़क पर मृत पड़ा था। उसके गले पर गहरे निशान थे। पिता दिलीप कुमार राम ने गांव के ही छह लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं, इस संबंध में शाहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








