बक्सर- बिहार के बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. लगातार बढ़ता जलस्तर, उफनती लहरें और किनारों की ओर बढ़ता पानी दर्जनों गांवों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए एक बार फिर दहशत का सबब बन गया है.
गंगा का रौद्र रूप देखकर दियारा इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है. गुरुवार देर शाम तक गंगा का जलस्तर 58.59 मीटर दर्ज किया गया. चेतावनी स्तर 59.32 मीटर है. यानी नदी का पानी चेतावनी स्तर से महज 0.73 मीटर नीचे पहुंच चुका है. .
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. बक्सर जिलाधिकारी साहिला ने रामरेखा घाट पहुंचकर गंगा के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया और अधिकारियों को संभावित बाढ़ एवं कटाव की स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए नदी में नाव परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर सांकेतिक चिह्न लगाने के साथ ही निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है.
रामरेखा घाट स्थित कंट्रोल रूम को लाइट एंड साउंड के समीप स्थापित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
जिलाधिकारी साहिला ने अधिकारियों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है. प्रशासन के अनुसार एसडीआरएफ की टीम पहले से मौजूद है और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है. खासकर दियारा इलाके में निगरानी बढ़ाई गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने, स्नान करने, तैरने, नौका विहार करने और रील या वीडियो बनाने के लिए जान जोखिम में डालने से बचने की अपील की है. बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा मवेशियों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रखने को कहा गया है.








