डेस्क- भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस अवसर पर दुनिया के कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं भेजीं, जिसमें फ्रांस, सिंगापुर, इजरायल और अमेरिका शामिल हैं.
इजरायल, सिंगापुर और अमेरिका ने जहां भारत के साथ अपनी साझेदारी और दोस्ती का जिक्र किया, वहीं फ्रांस ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर अपने अंदाज में शुभकामनाएं दीं.
फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक खास वीडियो शेयर किया. वीडियो में बताया जा रहा है कि दूतावास के कुछ कर्मचारी वापस अपने देश लौट रहे हैं. इस दौरान उन्होंने भारत में अपने कार्यकाल के दौरान पसंद आई जगहों और यहां के पसंदीदा खाने के बारे में बताया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सिंगापुर ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर खास वीडियो के जरिए शुभकामनाएं दीं. भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त वोंग ने साझा किए गए संदेश में दोनों देशों को मजबूत और लगातार गहरे होते रिश्तों वाला मित्र बताया.
वीडियो में भारत-सिंगापुर साझेदारी की झलकियां दिखाई गईं. संदेश के अंत में ‘चक दे इंडिया’ का जिक्र करते हुए भारत के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शण्मुगरत्नम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर भारत के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी. उन्होंने भारत-सिंगापुर के व्यापक रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए कौशल विकास, डिजिटलाइजेशन, स्थिरता और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की बात कही.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भारत की आजादी, लोकतंत्र और बहुलवाद की यात्रा को प्रेरणादायक बताया.
हर्जोग ने भारत और इजरायल के बीच बढ़ती साझेदारी का जिक्र करते हुए दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करने की उम्मीद जताई. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत के स्वतंत्रता दिवस पर भारतीयों को बधाई दी. उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को पहले से ज्यादा मजबूत बताया.
रुबियो ने रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष सहयोग और व्यापार जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग का उल्लेख किया. उन्होंने भारत और अमेरिका के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को दोनों देशों की साझेदारी की अहम नींव बताया.








