रांची- झारखंड में एक्टिव साइबर ठग ने धनबाद के डिप्टी कमिश्नर आदित्य रंजन के नाम से ही फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना दिया. हैरान करने वाली बात तो यह है कि साइबर ठग ने डीसी साहब का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने के बाद उन्हीं के अंडर में काम करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को मैसेज करके ठगी करने की कोशिश की. मामला सामने आने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, साइबर ठग ने धनबाद डीसी आदित्य रंजन के नाम और प्रोफाइल फोटो को मिसयूज करते हुए +84 946654020 से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना दिया.
इसके बाद, डीसी साहब के नाम पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से पैसा वसूलने के मकसद से मैसेज करना शुरू कर दिया. वह यहीं नहीं माना, अधिकारियों के बाद उसने डीसी बनकर आम आदमी के सामने धौंस जमाने और ठगी करने के लिए मैसेज किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मामला सामने आने के बाद धनबाद के डीसी आदित्य रंजन ने आम लोगों को साइबर ठग से अलर्ट रहने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि अगर आपके पास भी किसी अनॉथराइज्ड नंबर से फोन कॉल या सोशल मीडिया अकाउंट से पैसों की मांग की जाती है या फिर किसी तरह के लालच भरा लिंक भेजा जाता है, तो उसे फौरन ब्लॉक कर दें. इसके बाद संबंधित सोशल मीडिया में रिपोर्ट करें. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक को क्लिक न करें.








