रांची- झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं. सीठियो श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.
अंतिम संस्कार से पहले मां दीपिका पांडेय सिंह और पिता रत्नेश बेटी का पार्थिव शरीर देख बेसुध हो गए. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन दीपका पांडेय सिंह को संभाले रखा. पिता रत्नेश ने बेटी को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी.
अंतिम संस्कार से पहले मंत्री आवास पर ऐसा भावुक माहौल था कि हर किसी की आंखों से आंसू निकल रहे थे. परिवार, रिश्तेदार और शुभचिंतक उन्हें संभालते नजर आए. पूरे दिन मंत्री आवास से लेकर श्मशान घाट तक शोक का माहौल बना रहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि तृषा सिंह की मौत गुरुवार तड़के रांची के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में हुई. इस दुर्घटना में कार्मेल जूनियर कॉलेज के चार छात्रों, वंशिका खंडेलवाल (17), तृषा सिंह (18), नमन गुप्ता (17) और सार्थक अग्रवाल (18) की मौत हो गई.
चारों दोस्त सार्थक अग्रवाल के फ्लैट पर नाइट स्टडी कर रहे थे. रात करीब दो बजे वे कार से बाहर निकले और मरीन ड्राइव की ओर चले गए. करीब साढ़े तीन बजे उनकी कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में पीछे से जा टकराई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी. ट्रक रात करीब 10 बजे से खराब हालत में सड़क किनारे खड़ा था और चालक ने पीछे पट्टा व झंडा बांधकर संकेत भी लगाया था. इसके बावजूद तेज रफ्तार कार सीधे ट्रक से टकरा गई और चारों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के निधन पर एक्स पर भावुक शोक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि आज उनके पास शब्द नहीं हैं.
दीपिका पांडेय सिंह, रत्नेश सिंह और पूरे परिवार ने हंसती-खेलती मासूम जिंदगी को खो दिया है. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. अपने संदेश के अंत में उन्होंने लिखा, “अंतिम जोहार तृषा.”








