रांची- चक्रवाती तूफान अकवन झारखंड के मौसम का मिजाज बदलने वाला है. इस तूफान के प्रभाव से राज्य में 19 नवंबर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. खासकर 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड और कोल्हान के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. हालांकि, 18 नवंबर को राज्य में मौसम सामान्य रहने और सुबह के समय कुछ इलाकों में कोहरा तथा दिन में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है. इस तूफान के असर के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी आने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर को राज्य के दक्षिणी हिस्से में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
20 नवंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. इसका प्रभाव मुख्य रूप से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में देखने को मिल सकता है.
21 नवंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस दिन दक्षिणी झारखंड के अलावा उत्तर-पश्चिमी झारखंड के लातेहार से सटे इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है.
साथ ही गुमला, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, और सरायकेला खरसावां में असर देखने को मिल सकता है. 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 23 नवंबर को दक्षिणी और उससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह 18 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है.
इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर से विशाखापत्तनम के बीच टकराने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.








