रांची- महापर्व छठ की आस्था जेल की चारदीवारी के भीतर भी पूरे हर्षोल्लास के साथ देखने को मिली. झारखंड की विभिन्न जेलों में रविवार को छठ व्रत कर रहे बंदियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
राज्य की अलग-अलग जेलों में कुल 85 बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं, इनमें 36 महिला और 49 पुरुष बंदी शामिल हैं. घर-परिवार से दूर रहने के बावजूद बंदियों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से छठ पूजा की.
रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भी छठ महापर्व बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया. छठ पूजा में शामिल होने के लिए जेल आईजी सुदर्शन मंडल अपने परिवार के साथ जेल पहुंचे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने छठ व्रत कर रहे बंदियों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे. जेल परिसर में छठ पूजा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी.
जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि बंदियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए जेल प्रशासन ने छठ पूजा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं.
छठ करने वाले बंदियों के साथ जेल प्रशासन ने भी पूजा में हिस्सा लेकर शाम का अर्घ्य दिया. उन्होंने बताया कि राज्य की जेलों में बंदियों के लिए पूजा स्थल, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रोशनी, प्रसाद और नए वस्त्रों की व्यवस्था की गई है. पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सबसे अधिक 18 बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं, इनमें नौ महिला और नौ पुरुष बंदी शामिल हैं. दुमका केंद्रीय कारा में एक महिला और 4 पुरुष सहित 5 बंदी छठ कर रहे हैं.
जमशेदपुर के घाघीडीह केंद्रीय कारा में एक महिला बंदी व्रत कर रही है. हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में 5 महिला और 6 पुरुष, जबकि मेदिनीनगर केंद्रीय कारा में 5 महिला और तीन पुरुष बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं.
धनबाद मंडल कारा में तीन महिला और छह पुरुष बंदी छठ कर रहे हैं. गढ़वा मंडल कारा में 9 महिला और 6 पुरुष बंदी पूजा में शामिल हैं. गिरिडीह मंडल कारा में 8 पुरुष और चतरा मंडल कारा में 2 पुरुष बंदी छठ कर रहे हैं.
साहिबगंज मंडल कारा में 4 पुरुष बंदी व्रत कर रहे हैं. वहीं, राजमहल उपकारा में 2 महिला और 1 पुरुष बंदी छठ महापर्व कर रहे हैं. गढ़वा के श्री बंशीधर नगर उपकारा में भी 1 महिला बंदी छठ कर रही है.
जेल की चारदीवारी के भीतर छठ महापर्व का आयोजन इस बात का प्रमाण है कि लोक आस्था के इस पर्व के प्रति श्रद्धा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं है.








