पटना- संध्या अर्घ्य के साथ ही छठ पूजा के तीसरे दिन का व्रत संपन्न हो गया है. रविवार शाम को राज्यभर के गंगा घाटों, नदियों और तालाबों पर व्रती ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. पटना से लेकर भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही.
सोमवार को छठ महापर्व का चौथा और अंतिम दिन है. सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा.
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु गंगा घाटों पर नजर आए। कई छठ व्रतियों ने अपने घर के छत पर भी अर्घ्य दिया। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर पटना सहित अन्य जिलों में खासा उत्साह देखने को मिला।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की गई। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। महापर्व के दौरान अशोक राजपथ, जेपी गंगा पथ, दीघा, गायघाट इलाके में रविवारऔर सोमवार को ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। वहीं, गंगा नदी में नाव के परिचालन पर रोक लगाई गयी है।
छठ पूजा के दौरान दीघा घाट से लेकर गायघाट तक मरीन ड्राइव और गंगा घाटों को बेहद भव्य तरीके से सजाया गया है. मरीन ड्राइव और दीघा घाट के इलाके में छठ पूजा के अवसर पर पहली बार विशेष लेज़र शो, रंग-बिरंगी रोशनी और 3D मैपिंग का आयोजन किया गया है, जिसने गंगा तट की खूबसूरती को चार चांद लगा दिए हैं।
गंगा नदी के किनारे बने घाटों (जैसे घाट संख्या 93 और दीघा घाट) पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु और व्रती उमड़े हैं। रेत और पानी के पास पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और टेंट-लाइटों की सजावट देखते ही बनती है। इसके अलावा यहाँ श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया. भव्य रौशनी में नहाता मरीन ड्राइव का नजारा बेहद विहंगम नज़र आया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुरक्षा और आवागमन के कड़े इंतजाम किए गए हैं, हालांकि भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही।









