रांची- आज झारखंड अलग राज्य के रूप में गठन के 26 वर्ष पूरे हो गए हैं. 15 नवंबर 2000 को झारखंड को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ था. तब से राज्य अपनी अलग पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बिहार से अलग राज्य के रूप में गठित झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इस वर्ष भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया है.
राजधानी रांची में सुबह सात बजे मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से दौड़ की शुरुआत हुई. इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल विभाग के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और आम लोगों ने हिस्सा लिया. दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक स्थलों और छठ घाटों को साफ रखने का संदेश दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छठ महापर्व को देखते हुए घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष जोर दिया गया. लोगों से अपील की गई कि वे पूजा के दौरान घाटों पर गंदगी नहीं फैलाएं और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं. राज्य के दूसरे जिलों में भी प्रमुख चौक-चौराहों से छठ घाटों तक दौड़ आयोजित कर सफाई अभियान चलाया गया.
कार्यक्रम में शामिल मंत्रियों ने कहा कि आज झारखंड का स्थापना दिवस है. राज्यभर में इसे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. स्थापना दिवस के अवसर पर एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रविवार को ‘रन फॉर क्लीननेस’ के साथ इसकी शुरुआत हुई है.
स्थापना दिवस के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा जाएगी. इनमें खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद 26 और 27 नवंबर को खेलगांव में राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. विभिन्न स्तरों पर सफल प्रतिभागियों को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
वहीं 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला और प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इसमें अलग-अलग विभागों के स्टॉल के माध्यम से सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी.
28 नवंबर को राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित होगा. इसके साथ ही स्थापना दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों का समापन होगा.








