जमशेदपुर- शहर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल मैदान में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान अविभाजित बिहार में 1990 में घाटशीला विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना घटी है. यह घटना मंगलवार देर रात की है.
टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा गोपाल मैदान में आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें देश भर के विभिन्न जनजातीय समुदायों के आदिवासी लोग शामिल हुए थे. कार्यक्रम के दौरान भीड़ के बीच पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ यह मारपीट हुई.
घटना में घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया. जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाओं ने उनकी पिटाई की. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विवाद की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. इस पूरे मामले में जमशेदपुर के सीटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि घटना के संदर्भ में किसी भी पक्ष द्वारा कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है.
उन्होंने कहा कि घटना के बाद सूर्य सिंह बेसरा के परिवार के सदस्यों ने बताया कि आपसी समझौता हो गया है और उन्हें कोई शिकायत नहीं करनी है. सीटी एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने घटना के बाद बताया कि कुछ लोगों ने बेवजह उनकी पिटाई की. झारखंड आंदोलनकारी और झारखंड पीपुल्स पार्टी के संस्थापक रहे पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई इस घटना की पूरी सच्चाई अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








