रांची- नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पुलिस की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर दिए जा रहे बयानों पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है.
एसोसिएशन ने उनके बयानों पर गहरी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच झारखंड पुलिस को बेवजह घसीटना उचित नहीं है. संगठन ने विशेष रूप से पुलिस के सर्वोच्च पद पर बैठे डीजीपी को लेकर की जा रही बयानबाजी पर भी सवाल उठाए हैं.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने बयान जारी कर कहा कि पुलिस किसी राजनीतिक दल की कहानी को विश्वसनीय बनाने का माध्यम नहीं बन सकती.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस की जांच राजनीतिक स्क्रिप्ट या आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के तहत होती है. पुलिस का काम निष्पक्षता से सच्चाई सामने लाना है, चाहे मामला किसी प्रभावशाली व्यक्ति से ही जुड़ा क्यों न हो.
एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर भ्रामक और आधारहीन चर्चाएं पुलिसकर्मियों का मनोबल गिराती हैं. दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले जवानों और अधिकारियों के योगदान को इस तरह की बयानबाजी से ठेस पहुंचती है. बिना पुख्ता तथ्यों के पुलिस के आंतरिक अनुशासन और नेतृत्व पर सवाल उठाना संस्था की गरिमा के अनुकूल नहीं है.
संगठन ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास अपनी बेगुनाही के सबूत हैं या किसी राजनीतिक दल के पास साजिश के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसियों और अदालत के सामने रखना चाहिए. राजनीतिक असफलताओं या आंतरिक विवादों के लिए पुलिस विभाग को ढाल बनाना स्वीकार्य नहीं है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि झारखंड पुलिस का हर जवान और अधिकारी किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के दबाव में नहीं, बल्कि संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह है. शोर-शराबे से सच्चाई नहीं दबाई जा सकती और जांच में साक्ष्य ही तय करेंगे कि दोषी कौन है.
अंत में राहुल कुमार मुर्मू ने छठी मइया से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह बाबूलाल मरांडी को सद्बुद्धि दें, ताकि वे झारखंड पुलिस की गरिमा, निष्पक्षता और मनोबल को समझें तथा भविष्य में डीजीपी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी से बचें. उन्होंने उम्मीद जताई कि नेता प्रतिपक्ष अपनी साख को बनाए रखते हुए पुलिस संस्था की प्रतिष्ठा का भी ध्यान रखेंगे.








