नालंदा- बिहार के नालंदा जिले का भटन्ना बिगहा गांव में गोलीबारी की घटना हुई है. आपसी विवाद में हुई इस गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति के पेट में गोली लगी है.
उसे इलाज के लिए चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर बिहार शरीफ रेफर कर दिया गया है.
इस हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष से 5 अन्य लोग भी जख्मी हो गए. घायलों में किशोरी गोप, धर्मेंद्र कुमार, धर्मवीर यादव, मुकेश कुमार और रीता देवी शामिल हैं. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान स्वर्गीय हरखित प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र गोप के तौर पर की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एक पक्ष की जख्मी महिला रीता देवी ने बताया कि वह घास काटने गई थी. इसी दौरान सुरेंद्र गोप का परिवार लाठी-डंडा लेकर आया और उन पर हमला बोल दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई.
दूसरे पक्ष से घायल सुरेंद्र गोप के चाचा चौकीदार सिकंदर गोप ने बताया कि पड़ोस का मुकेश कुमार गांव में दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है. वह हर रोज गाली-मलौज करते रहता है. कई बार चंडी थाना को इस बात की जानकारी दी गई, बावजूद इसके थानाध्यक्ष ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
इस मामले में चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि घास काटने को लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था. पहले दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी हुई और फिर गोलीबारी शुरू हो गई. इसी में एक व्यक्ति को गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए भेजा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही हिलसा डीएसपी सुनील कुमार चंडी थाना क्षेत्र स्थित घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया खेत से घास काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ है. पहले पथराव और फिर गोलीबारी हुई है, जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी है और उसका हायर सेंटर में इलाज चल रहा है.








