पटना- लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या अपने मायके लौट आई हैं। रोहिणी सिंगापुर से गुरुवार को पटना पहुंचीं। पिता लालू प्रसाद यादव खुद अपनी लाडली बेटी को रिसीव करने पटना एयरपोर्ट पहुंचे।
इस दौरान मां राबड़ी देवी और बड़ी बहन मीसा भारती भी मौजूद रहीं। रोहिणी 10 महीने से ज्यादा समय के बाद अपने मायके आई हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद वह मायके वाला घर छोड़कर पटना से सीधे सिंगापुर चली गई थीं।
एयरपोर्ट से निकलते ही रोहिणी आचार्या कार में बैठे अपने माता-पिता के पास पहुंचीं। उन्होंने अगली सीट पर बैठे पिता लालू यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनसे गले मिलीं। फिर पिछली सीट पर बैठकर अपनी मां राबड़ी देवी को गले लगा दिया। फिर सभी एक ही गाड़ी से घर की ओर रवाना हो गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रोहिणी आचार्या ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गुरुवार को कहा कि यह उनकी निजी यात्रा है। वह अपने पिता लालू यादव के बुलावे पर यहां आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी इस यात्रा का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। रोहिणी ने कहा कि वह सिर्फ अपने मां-बाप से मिलने आई हैं। हालांकि, उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव से नाराजगी के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।
रोहिणी आचार्या ने दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर पटना आने की जानकारी दे दी थी। मंगलवार को उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, “मेरे लिए मेरे पापा, उनकी खुशी और उनके आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उनके बुलावे से बढ़कर कोई आदेश नहीं है। इसलिए एक बेटी होने का फर्ज निभाने के लिए अपने पापा के पास जल्द ही आ रही हूं।”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें नवंबर 2025 में जब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे, तब उसमें आरजेडी को मिली करारी हार के बाद लालू परिवार में घमासान मच गया था।
रोहिणी उस समय अचानक पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास से निकल एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। उन्होंने एयरपोर्ट पर रोते हुए कैमरे के सामने मायके में बदसलूकी की बात कही थी।








