रांची- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर झामुमो ने लोकभवन के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. रामदयाल मुंडा स्टेडियम से आक्रोश मार्च के रूप में लोकभवन के लिए निकले झामुमो के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने लोकभवन से पहले ही रोक दिया, जहां यह मार्च आमसभा में तब्दील हो गई.
रांची जिला और रांची महानगर झामुमो के द्वारा आयोजित इस लोकभवन घेराव एवं प्रदर्शन में पार्टी के कई विधायक, सांसद, केंद्रीय समिति सदस्य और पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए.
आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के दौरान झामुमो के वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, एक दल विशेष के पक्ष में एकतरफा काम कर रहे हैं. ऐसा तब हो रहा है जबकि बाकी के दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार इस पर लिखित आपत्तियां जताई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि ऐसा करके ज्ञानेश कुमार ने संविधान विरोधी काम किया है और उनको एक पल भी CEO बने रहने का अधिकार नहीं है. ऐसे में असंवैधानिक, अनधिकृत और अवैध कार्य कर रहे ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त किया जाए.
झामुमो नेताओं ने ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने सहयोगियों की राय और सलाह को भी नहीं मानते हुए भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है.
वक्ताओं ने कहा कि SIR की जारी प्रक्रिया में फॉर्म 6 में नियम विरुद्ध पॉइंट जोड़कर उन्होंने संसद की ताकत और कार्यक्षेत्र में भी हस्तक्षेप किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ऐसे में उनका अपने पद पर बने रहना देश और यहां की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है. झामुमो के लोकभवन घेराव एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में रांची, गुमला, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी जिला झामुमो शामिल था.
राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी ने कहा कि आज का यह प्रदर्शन देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पक्षपात पूर्ण रवैया के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि जब संवैधानिक संस्थाएं भी किसी पार्टी विशेष के पक्ष में काम करने लगेगी, तो लोकतंत्र कैसे बचेगा.
उन्होंने कहा कि यहां तो दो चुनाव आयुक्तों की बात ही मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं मान रहे थे, ऐसे में ज्ञानेश कुमार के रहते जितनी भी चुनावी प्रक्रियाएं पूरी की गई है, वह सब अवैध है.
लोकभवन प्रदर्शन कार्यक्रम में झामुमो के जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम, सचिव डॉ. हेमलाल मेहता, केंद्रीय समिति सदस्य अंतु तिर्की, केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, सिल्ली विधायक अमित महतो समेत खूंटी, गुमला, रामगढ़ और रांची में झामुमो के कार्यकर्ता शामिल हुए.








