डेस्क- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है जहां पिकअप के घाटी में गिरने से 18 महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई. जबकि हदसे में 3 अन्य घायल हो गए. जबकि हादसे के वक्त 12 लोगों ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाहपानी गांव के करीब हुआ. उन्होंने बताया कि कुई गांव के रहने वाले ग्रामीण तेंदूपत्ता एकत्र करने गए थे तथा जब वे एक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे तभी बाहपानी गांव के करीब वाहन एक खाई में गिर गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट डाला. उन्होंने लिखा, छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. मैं इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और जो घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने कहा, कवर्धा में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक संवेदनाएं. पीएम मोदी ने आगे अपने एक्स पोस्ट में लिखा, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.








