सीतामढ़ी- डुमरा थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस की टीम ने समाहरणालय के सामने जाल बिछाकर एक युवक को पांच हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार युवक की पहचान डुमरा थाना में तैनात चौकीदार हरिश्चंद्र पासवान के पुत्र पिंटू कुमार के रूप में की गई है. निगरानी टीम के मुताबिक, आरोपों के सत्यापन के बाद पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया गया और तय स्थान पर रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने उसे मौके से दबोच लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, बाजीतपुर गांव निवासी शिकायतकर्ता सोनू चंद्रवंशी से चोरी के एक मामले में कार्रवाई और राहत दिलाने के नाम पर कुल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोप है कि शिकायतकर्ता ने पहले ही फोन-पे के माध्यम से पांच हजार रुपये दे दिए थे. इसके बाद शेष पांच हजार रुपये की दूसरी किस्त लेते समय निगरानी विभाग की टीम ने पिंटू कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.








