रामगढ़- रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चुट्टूपालू घाटी में दो ट्रेलर्स के बीच भीषण टक्कर हो गयी. इस हादसे में चालक अजय पाल और उनके उपचालक की मौत हो गई.
ये हादसा इतना भयावह था कि पीछे से आ रहे इंगोट (धातु की सिल्लियां) लदे ट्रेलर का केबिन आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह घुस गया.
दोनों वाहनों के बीच केबिन इस कदर फंस गया कि चालक और उपचालक अंदर ही बुरी तरह दब गए. तीन घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गैस कटर से ट्रेलर का केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर गड़के मोड़ से पहले वन विभाग के वॉच टावर के समीप स्पीड ब्रेकर के कारण धीमा हो रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा इंगोट लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और उसने आगे चल रहे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन आगे चल रहे वाहन के डाला और चेसिस के बीच बुरी तरह घुस गया. दोनों वाहनों के पहिए और चेसिस भी आपस में फंस गए, जिससे उन्हें अलग करना बेहद मुश्किल हो गया.
इस हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. शुरुआती दौर में तीन क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को अलग करने और केबिन में फंसे चालक तथा उपचालक को बाहर निकालने की कोशिश की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस हादसे के बाद चुट्टूपालू घाटी की एक लेन पूरी तरह ठप हो गई. घाटी में पहले से वन-वे यातायात व्यवस्था लागू होने के कारण दूसरी लेन से वाहनों का परिचालन कराया गया लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण वहां भी जाम की स्थिति बन गई.
रांची और रामगढ़ दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को हटाने और यातायात सामान्य कराने की चुनौती पुलिस के सामने बनी रही.








