रांची- राज्य के हड़ताली 108 एंबुलेंस कर्मचारियों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रूख अपनाते हुए एस्मा लगाने का निर्णय लिया है. एस्मा यदि लागू हो जाता है तो करीब 600 एंबुलेंस कर्मियों की सेवा एक झटके में समाप्त हो जाएगी.
विगत 18 नवंबर से जारी हड़ताल की वजह से मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नाराजगी जताई है.उन्होंने कहा कि विभाग ने हड़ताली कर्मचारियों पर एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट (एस्मा) लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया है.
इस संबंध में मंजूरी के लिए फाइल मेरे पास भेजी गई है. उन्होंने कहा कि मैं जल्द ही अंतिम स्वीकृति के लिए फाइल गृह विभाग को भेज दूंगा. विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सभी डीसी को एंबुलेंस संचालित करने का अधिकार दिया है, ताकि मरीजों को कोई परेशानी ना हो.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एंबुलेंस चालकों की हड़ताल से परेशान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि हर 10 दिन पर इन लोगों के द्वारा हड़ताल की जाती है. हम इनकी बातों को मानते जा रहे हैं, लेकिन अब हद पार हो गई है.
ऐसे में विभाग के द्वारा एस्मा लगाने का प्रस्ताव प्राप्त हो गया है. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आउटसोर्सिंग पर नियुक्त एंबुलेंस चालकों में से 20 को हटाया गया था, लेकिन बाद में मानवता के आधार पर उन्हें दोबारा रख लिया गया था.
लेकिन फिर से नेतागिरी शुरू हो गई और हर वक्त हड़ताल पर जाने की धमकी के साथ इनका आंदोलन शुरू हो जाता है. ऐसे में अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कड़े शब्दों में कहा की ब्लैकमेलिंग और बारगेनिंग और बर्दाश्त नहीं करेंगे. जो एंबुलेंस कर्मी हड़ताल पर हैं वह एजेंसी से बात करें, ना कि सरकार से. हमारी सहानुभूति उनके साथ है.
लेकिन जिस तरह से एंबुलेंस चालकों द्वारा बार-बार हड़ताल की जाती है उससे सरकारी कामकाज में बाधा पहुंच रही है. उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की चाबी जबरन अपने पास रखने वाले हड़ताली कर्मियों पर एफआईआर करने का आदेश दिया गया है और जबरन चाबी लेने पर उन्हें जेल भेजा जाएगा.








