गिरिडीह- झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। राजधनवार के गांधी चौक स्थित यूको बैंक में पांच नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला।
अपराधियों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और करीब 18 मिनट तक लूटपाट की। इस दौरान कैश काउंटर से 10 लाख रुपये नकद और लॉकर में रखे करीब 4 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे पांच नकाबपोश अपराधी रिवॉल्वर लेकर बैंक में दाखिल हुए। उस वक्त बैंक में चार कर्मचारी और तीन ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों ने सभी सात लोगों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद बदमाशों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों के मुंह पर सेलोटेप चिपका दिया और उनके हाथ बांध दिए, ताकि कोई शोर न मचा सके और न ही मदद के लिए किसी को बुला सके। इसके बाद अपराधियों ने कैश काउंटर से करीब 10 लाख रुपये निकाले और लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
गांधी चौक जैसे व्यस्त इलाके में स्थित बैंक शाखा में इतनी बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बैंक में सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस बैंक के अंदर और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के आने और फरार होने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, जिले की सीमाओं को सील कर प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।








