दिल्ली- एनसीआर में शुक्रवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है. राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया. सड़कों पर पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और रोजमर्रा का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
दिल्ली के छतरपुर फार्म इलाके और फरीदाबाद के सेक्टर-35 समेत कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई. लगातार बारिश के कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पानी भरने और धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रैफिक के कारण लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा.
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो घंटे तक दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक और बिजली के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, दादरी, लोनी, फरीदाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 13 अगस्त तक भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारी बारिश का असर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भी देखने को मिला. अस्पताल परिसर और गलियारों में पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. मरीज के तीमारदार आरिफ खान ने बताया कि अस्पताल परिसर में जलभराव होने से मरीजों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना बेहद मुश्किल हो गया है.
दिल्ली-एनसीआर में कई मौसम केंद्रों पर 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई. मौसम विशेषज्ञ नवदीप ढैया के अनुसार, शुक्रवार शाम 5 बजे तक फरीदाबाद के सेक्टर-17 में आधी रात से 119.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो एनसीआर में सबसे अधिक रही.








