कैमूर- बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है. शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीकों से दूसरे राज्यों से शराब की खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. इसी कड़ी में कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई की है.
उत्पाद विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान एक मिनी कंटेनर ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली. तलाशी में कंटेनर के अंदर भारी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिली. कुल 592 पेटियों में 5310 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी जिले के चरखी गांव निवासी 28 वर्षीय अक्षय कुमार, पिता मनेश के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से लोड की गई थी और इसे बिहार के सुपौल पहुंचाया जाना था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट प्रभारी संतोष श्रीवास्तव के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. टीम को पहले से आशंका थी कि कंटेनर के जरिए शराब की बड़ी खेप बिहार में लाई जा सकती है. सूचना के सत्यापन के बाद वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें इतनी बड़ी खेप बरामद हुई.
अब जांच का दायरा सिर्फ गिरफ्तार चालक तक सीमित नहीं है. उत्पाद विभाग और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इस बड़ी खेप को बिहार में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था. चंडीगढ़ से शराब लोड कराने वाले, परिवहन की व्यवस्था करने वाले और सुपौल में खेप प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








