जमुई- बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी पर रोक लगाना मुश्किल हो रहा है. तस्कर नए-नए तरीकों से बिहार में शराब की तस्करी कर रहे हैं. हाल में जमुई में एंबलेंस से पुलिस ने शराब बरामद की है.
तस्करों ने प्राइवेट एम्बुलेंस के अंदर मरीज को लिटाए जाने वाले बेड के नीचे एक बॉक्स बना रखा था. इस बॉक्स के अंदर छुपाकर नशे का कारोबार किया जा रहा था. उत्पाद पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान इस प्राइवेट एम्बुलेंस वाहन को पकड़ा है.
वाहन से 460 केन बियर बरामद की गई है और मौके से दो तस्कर गिरफ्तार हुए हैं. यह मामला जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के बानाडीह के पास का है. वहां उत्पाद पुलिस ने जांच अभियान चलाया था. जांच के दौरान प्राइवेट एम्बुलेंस से कुल 230 लीटर यानी 460 केन बियर बरामद की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उत्पाद पुलिस ने बताया कि मरीज ले जाने की आड़ में एम्बुलेंस का उपयोग शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखीसराय जिले के पिरी बाजार थाना क्षेत्र के चौरा राजपुर गांव निवासी सौरभ कुमार पिता पप्पू सिंह के रूप में हुई है. दूसरे आरोपी की पहचान रामनारायण गांव निवासी सत्यम कुमार पिता बलराम शर्मा के रूप में हुई है.
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि आपातकालीन सेवा के रूप में प्रयुक्त होने वाली एम्बुलेंस के जरिए की जा रही इस तस्करी का पर्दाफाश होना उत्पाद विभाग के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है. इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों एवं अवैध कारोबारियों में हडकंप मच गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








