हजारीबाग- झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ इलाके में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या की वारदात के खिलाफ लोगों का आक्रोश देखने को मिला।
घटना के विरोध में आज हजारीबाग बंद का व्यापक असर देखने को मिला। वहीं भाजपा ने इस घटना के खिलाफ 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद बुलाया है।
सोमवार को हुए हजारीबाग बंद के बाद अब बीजेपी ने राज्य सरकार को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कड़े निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। पार्टी का मानना है कि, राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और मासूम बेटियों की सुरक्षा राम भरोसे है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार ने मामले में कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई है।
बता दें कि सोमवार को ‘हजारीबाग बंद’ का व्यापक असर रहा। हजारीबाग शहर, विष्णुगढ़ प्रखंड मुख्यालय सहित जिले के कई इलाकों में लोगों ने वारदात के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज कुमार यादव और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित सैकड़ों लोग नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे और बाजारों को बंद कराया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौरतलब है कि बीते मंगलवार की शाम रामनवमी की मंगला शोभायात्रा देखने गई कुसुंभा गांव की नाबालिग लड़की जब देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। बुधवार को गांव के पास झाड़ियों से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसकी स्थिति देख पूरा इलाका दहल उठा।








