समस्तीपुर- बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस का एक्शन जारी है. लेकिन पुलिसिया कार्रवाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं.
ताजा मामला समस्तीपुर जिले से सामने आया है. जहां एक लड़की के साथ सरेराह छेड़छाड़ की गई. दो-तीन स्थानीय युवक न केवल लड़की को गलत तरीके से छू रहे हैं, बल्कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बदतमीजी भी करते नजर आए.
हैरत की बात यह है कि यह सब होता देख वहां मौजूद लोग हंसते नजर आए. समस्तीपुर में लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद फिर से लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव की है. इस गांव में बांध बाइपास रोड पर एक लड़की के साथ कुछ युवकों द्वारा छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया.
बुधवार देर शाम से इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस हरकत में आ गई है. समस्तीपुर में लड़की से सरेराह छेड़खानी का वायरल वीडियो 56 सेकेंड का है.
वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है. उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं. वो उनसे बचने की कोशिश करती है. लेकिन बनियान पहले एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है. लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसे मारने का भी प्रयास कर रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक नाबालिग किशोरी बांध पर मोबाइल से रील बना रही थी. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी करने लगे. वीडियो में किशोरी खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है.
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवकों द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी किए जाने की बात सामने आ रही है.
एसपी के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की गई है. पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जा रहे है. FIR दर्ज करने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं.
पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे लोगों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर और कौन-कौन लोग मौजूद थे. अभी तक पुलिस के सामने पीड़ित पक्ष नहीं पहुंचा है.








