मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन हुआ है जहां एसएसपी ने एसएचओ राजा सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. 17-18 मार्च की रात चोरनिया गांव में हुई छापेमारी के दौरान लापरवाही और एक किसान की मौत के बाद यह कार्रवाई की गई है.
दरअसल, मामला 17-18 मार्च की रात का है. गायघाट पुलिस की टीम चोरनिया गांव में छापेमारी करने पहुंची थी. जांच रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस टीम बिना किसी ठोस खुफिया जानकारी या पर्याप्त बल के वहां पहुंच गई थी.
छापेमारी के दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया. पुलिस पर पत्थरबाजी और लाठियों से हमला हुआ. अफरा-तफरी के बीच एसएचओ राजा सिंह ने बचाव में हवाई फायरिंग की. इसी दौरान स्थानीय निवासी जगतवीर राय को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसपी ग्रामीण की रिपोर्ट में पाया गया कि टीम ने संयम नहीं बरता और स्थिति को संभालने में पूरी तरह नाकाम रही. यहां तक कि चौकीदार प्रहलाद कुमार ने भी टीम को कोई चेतावनी नहीं दी थी.
इन खामियों को देखते हुए एसएसपी ने एसएचओ राजा सिंह, सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार, पीटीसी रंजन कुमार, महिला कांस्टेबल चांदनी कुमारी, ड्राइवर ओम प्रकाश और चौकीदार प्रहलाद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके अलावा, ऑपरेशन में शामिल होमगार्ड कर्मियों पर भी एक्शन के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है.








