पटना- बिहार में गैस सिलेंडर की किल्लत से आम लोग परेशान हैं। कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर सुबह-सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।
इस बीच कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर बिहार में रसोई गैस संकट और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा पर तंज भी कसा है।
प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने अपने पत्र में कहा है कि आपके शासनकाल में बिहार देश का सर्वाधिक कर्ज लेने वाला राज्य बना। बावजूद इसके आप जिस यात्रा पर हैं, उसका नाम ‘समृद्धि यात्रा’ रखा गया है। ये कमाल की बात है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आसित नाथ ने आगे कहा कि,’चर्चा है कि गैस एजेंसी वाले ही एक हजार में मिलने वाला एक सिलेंडर अब 1700 रुपए से 2000 रुपए में देने लगे हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं।
इससे सबकी मिलीभगत से मची लूट की आशंका को बल मिलता है। पहले से ही लोग कई तरह की लूट और भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। आम आदमी अब किसी और लूट की त्रासदी नहीं झेल पाएगा।’
आसित नाथ ने आगे लिखा कि, ‘आपके प्रिय अधिकारियों का पहले भी जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं रहा, अब भी नहीं है। लेकिन ये समस्या बिहार के लोगों के पेट से जुड़ी समस्या है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चूल्हा-चौका संकट में आ गया है मुख्यमंत्री जी। गरीबों और मध्यमवर्गीय लोगों के लिए पहले से ही रसोई गैस काफी महंगा है। कालाबाजारियों की ये लूट उनको बर्बाद कर देगी।
इससे पहले कि बिहार की एक बड़ी आबादी रोटी के लिए तरस जाए, उम्मीद है आप संज्ञान लेंगे। सूचनाओं की सत्यता की जांच करवा कर उचित कार्रवाई करेंगे। एक बार फिर आपके स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’








