गोपालगंज- गोपालगंज में एक शख्स ने 100 रुपये के लिए अपनी मां की हत्या कर दी. मामला जिले के बैकुठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बिन टोली का है. जहां महज 100 रुपये के लिए युवक ने अपनी मां की गला काटकर हत्या कर दी. हालांकि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी, उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया.
परिजनों के मुताबकि आरोपी रामभरोस रावत ने अपनी मां से 100 रुपये की मांग की थी. मां के पास पैसे नहीं थे, लिहाजा उसने पैसे देने से मना कर दिया. जिसके बाद आरोपी नाराज हो गया और उसने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी मां पर हमला कर दिया. आरोपी बेटे ने मां का गला रेत दिया. जिस वजह से मां की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई.
जैसे ही इस हत्या की खबर आसपास के लोगों को मिली, गांव में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने जब खून से लथपथ मां का शव और पास में आरोपी बेटे को देखा तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आक्रोशित भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी बेटे को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके कर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं एफएसएल की टीम की मदद से पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रामभरोस रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है.








