आरा- बिहार के आरा से एक बेहद चिंताजनक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना पुलिस लाइन मोड़ पर शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऑनलाइन चालान से नाराज एक ऑटो चालक ने आत्मदाह करने की कोशिश कर डाली. बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ने गुस्से और हताशा में अपने ही ऑटो से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़क लिया और आग लगा ली.
हालांकि मौके पर मौजूद अन्य ऑटो चालकों की सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टल गई. साथी चालकों ने किसी तरह आग बुझाई और झुलसे चालक को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया.
घायल ऑटो चालक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के नाला मोड़ निवासी स्वर्गीय दीनदयाल के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. राजा कुमार स्टेशन सिंडिकेट से ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों के अनुसार कुछ महीने पहले भी राजा कुमार पर करीब 9 हजार रुपये का ऑनलाइन चालान कटा था. जिसका भुगतान उसने किसी तरह कर दिया था. लेकिन शनिवार को दोबारा 7 हजार रुपये का चालान कटने से वह पूरी तरह टूट गया.
आर्थिक तंगी और बढ़ते बोझ से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया. परिजनों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे लोग बेहद गरीब हैं. ऑटो किश्त पर लिया जाता है, कर्ज लेकर परिवार चलाना पड़ता है. फिलहाल ऑटो चालक का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है.








