गढ़वा- झारखंड के गढ़वा जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है. अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे एक बुजुर्ग की टांगी से काटकर हत्या कर दी है. जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. घटना गढ़वा के बड़गड थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़िया गांव की है.
घटना के संबंध में मृत बुजुर्ग के बडे़ पुत्र नागेंद्र कुमार रवि ने बताया कि उसके पिता चंद्रिका राम शनिवार की रात में घर में अकेले सोए हुए थे. इस बीच रात्रि में अज्ञात अपराधियों ने टांगी से उनके पिता के सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी. उसने बताया कि उसका मंझला भाई अपने पिता के साथ उसी घर में रहता था, लेकिन शनिवार की रात अपने बच्चे का इलाज कराने बाहर गया था.
रविवार की सुबह लगभग 10 बजे वह अपने पिता के घर पहुंचकर उन्हें जगाने गया था. इस दौरान उसने देखा कि पिता की हत्या कर दी गई है. हत्या में प्रयुक्त टांगी भी घटनास्थल पर ही पड़ा था. साथ ही खून के छींटे दीवारों पर लगे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों के अनुसार चंद्रिका राम पहले ओझा-गुनी का काम करता था, लेकिन हाल के दिनों में उसने यह काम छोड़ दिया था. हत्या की सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए थे. इधर बड़गड पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.








