रांची- झारखंड में 5 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदल गया है. राज्य भर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. शीतलहर ने लोगों को घरों में रहने को विवश कर दिया है. सूबे के 10 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है. हालांकि दिन के वक्त अच्छी धूप निकल रही है.
गुमला जिले का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. 6 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक यहां बर्फीला हवा चल रही है. जमा देने वाली सर्दी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की कमी आई है.
गुमला के बाद खूंटी का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा डाल्टनगंज में 6.1, बोकारो में 8.5, लोहरदगा में 8.5, पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 8.5, लातेहार में 9.0, जमशेदपुर में 9.1, देवघर में 9.5, और कोडरमा में 9.6 डिग्री रहा है. वहीं, रांची का न्यूनतम पारा 10.1 डिग्री, गोड्डा का 10.4 और हजारीबाग का 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 7 दिसंबर और 8 दिसंबर को सुबह के वक्त धुंध और कोहरा के बाद दिन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. जबकि 9 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा. खास बात है कि 8 दिसंबर से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी. इस दिन से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम पारा में 2-3 डिग्री का इजाफा हो सकता है.








